नई दिल्ली | आम आदमी पार्टी की छात्र इकाई एसैप ने शुक्रवार को दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डुसु) चुनावों के लिए अपना ‘बदलाव का मैनिफेस्टो’ लॉन्च किया। पहली बार डुसु का चुनाव लड़ने जा रही एसैप ने मैनिफेस्टो में छात्रों की शिक्षा, हॉस्टल, फीस, छात्र सुविधाओं और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। एसैप ने एक दृष्टिबाधित दलित छात्र को सचिव पद पर मैदान में उतारा है। एसैप का कहना है कि अब सिर्फ खोखले वादे नहीं, बल्कि धरातल पर काम चाहिए।
मैनिफेस्टो लॉन्च के दौरान एसैप ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय में वर्षों से छात्र राजनीति के नाम पर वही पुराने वादे दोहराए जा रहे हैं। चुनाव आते हैं, घोषणाएं होती हैं और चुनाव खत्म होते ही छात्रों के मुद्दे पीछे छूट जाते हैं। अब छात्रों को वादों की नहीं, जवाबदेही और ठोस काम की जरूरत है।
एसैप के प्रभारी धर्मेंद्र रावत ने कहा कि हम छात्र राजनीति को सिर्फ चुनाव और पोस्टर तक सीमित नहीं रखना चाहते। हम एक आम छात्र को नेतृत्व का मौका देना चाहते हैं—ऐसे छात्र को, जो खुद छात्रों के बीच रहा है और उनकी समस्याओं को करीब से समझता है।”
एसैप ने अध्यक्ष पद के लिए अश्मित कुमार (गुर्जर) को अपना प्रेजीडेंशियल कंडीडेट घोषित किया है। संगठन ने कहा कि अश्मित कुमार छात्रों के मुद्दों को मजबूती से उठाने और विश्वविद्यालय में जवाबदेह छात्र राजनीति को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ चुनाव मैदान में हैं।
इसी सोच का प्रतिनिधित्व एसैप के सचिव पद के उम्मीदवार पंकज कुमार करते हैं। पंकज कुमार दृष्टिबाधित छात्र हैं और दलित समाज से आते हैं। एसैप ने कहा कि पंकज का चुनाव लड़ना सिर्फ एक उम्मीदवार को मैदान में उतारना नहीं, बल्कि दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति में उन आवाज़ों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश है, जिन्हें लंबे समय तक मुख्य धारा से दूर रखा गया है।
इस दौरान प्रदेश सह प्रभारी ने ईशना गुप्ता ने कहा कि पंकज कुमार जैसे छात्र को नेतृत्व का अवसर देना हमारे लिए प्रतीकात्मक कदम नहीं है। यह उस राजनीति की शुरुआत है जिसमें आम छात्र, वंचित छात्र और हर वह युवा नेतृत्व कर सके जो अपने अधिकारों के लिए आवाज़ उठाता रहा है।”
एसैप ने छात्रों से अपील की कि वे आगामी डुसु चुनाव में पुरानी राजनीति और खोखले वादों के बजाय बदलाव, जवाबदेही और छात्रों की वास्तविक आवाज़ को चुनें। एसैप का संदेश स्पष्ट है कि डुसु में सिर्फ चेहरे बदलने की नहीं, बल्कि छात्र राजनीति की दिशा और कार्यशैली बदलने की जरूरत है।







